स्वच्छ सर्वेक्षण के दौरान जब्त की गई प्रतिबंधित प्लास्टिक, पॉलिथीन और इनसे बनी वस्तुओं के कचरे से मंगलवार को नगर निगम ने 500 मीटर सड़क का निर्माण शुरू करा दिया। कविनगर थाने के सामने सर्विस रोड के निर्माण में नगर निगम ने तारकोल के साथ 7 फीसदी प्लास्टिक वेस्ट को इस्तेमाल किया है। इससे पहले नगर निगम चार सड़क इसी वेस्ट से बना चुका है।
नगर निगम की ओर से प्लास्टिक वेस्ट से बनाई गई 5वीं सड़क का निर्माण कार्य महापौर आशा शर्मा व नगरायुक्त दिनेश चंद्र ने मंगलवार को शुरू कराया। महापौर आशा शर्मा ने बताया कि 500 मीटर सड़क निर्माण पर 14.33 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे पहले भी निगम पुलिस लाइन, कविनगर, संजय नगर क्षेत्र में चार सड़कों का निर्माण इसी पैटर्न पर कराया जा चुका है। नगरायुक्त दिनेश चंद्र सिंह ने बताया कि प्रतिबंधित प्लास्टिक से सड़क का निर्माण इंडियन रोड कांग्रेस के मानकों के अनुसार कराया जा रहा है। इसमें तारकोल के साथ 7 प्रतिशत प्लास्टिक वेस्ट और अन्य निर्माण सामग्री मिलाकर मिक्सचर तैयार कराया जाता है। इस मिश्रण से सड़कें बनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि नगर निगम के पास बड़ी मात्रा में वेस्ट प्लास्टिक इकट्ठा है। जल्द ही इससे करीब 25 किलोमीटर सड़क बनाई जाएगी। इस दौरान स्थानीय पार्षद हिमांशु मित्तल, चीफ इंजीनियर मोइनुद्दीन खान, जेई योगेश कुमार आदि मौजूद रहे।
कविनगर में वेस्ट प्लास्टिक से बनाई गई 500 मीटर सड़क